सीबीएसई प्रशिक्षण इकाई द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अंतर्गत बीएलएम एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर जिला स्तरीय विचार-विमर्श कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन डिस्ट्रिक्ट डिप्टी ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री कंवर के नेतृत्व में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को कम्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों तथा कक्षा-कक्ष में उनके समावेशन के लिए एक साझा मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों से 09 शिक्षक प्रतिभागियों ने अपने शोध एवं केस-पेपर प्रस्तुत किए। प्रत्येक प्रस्तुति में शिक्षण अधिगम प्रक्रिया में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं एआई के अभिनव प्रयोगों, विद्यार्थियों में समस्या समाधान कौशल, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता तथा नैतिक एआई उपयोग को विकसित करने के प्रभावी उपायों को प्रस्तुत किया गया। सभी शोध-पत्रों एवं प्रस्तुतियों का मूल्यांकन सीबीएसई द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप गठित प्रशंसा समिति द्वारा किया गया प्रशंसा समिति ने सभी प्रस्तुतियों का गहन एवं निष्पक्ष मूल्यांकन कर 03 सर्वश्रेष्ठ केस-पेपरों का चयन किया। चयनित शोध-पत्रों को सीबीएसई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को आगामी स्तर पर विचारार्थ एवं राष्ट्रीय शिक्षक सम्मेलन की प्रक्रिया हेतु अनुशंसित किया जाएगा। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी शिक्षकों, विद्यालय प्रमुखों एवं शिक्षाविदों ने कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को विद्यालयी शिक्षा का अभिन्न अंग बनाने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से लागू करने तथा विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। सभी प्रतिभागियों ने इस कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन बीएलएम एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी द्वारा किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी सीबीएसई के मार्गदर्शन में ऐसे नवाचारी एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।